Patna: राज्य में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के लेजर कोड अपडेट के लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के लिए परिवहन सचिव राजकुमार ने सभी जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारियों (डीटीओ) को निर्देश दिया है. सचिव ने सभी डीटीओ को लिखित आदेश में कहा है कि एचएसआरपी लेजर कोड अपडेट की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए. विभागीय समीक्षा में पता चला है कि पूरे राज्य में 63 हजार से अधिक वाहन अभी भी बिना एचएसआरपी लेजर कोड अपडेट किए संचालित हो रहे हैं. देरी के कारण वाहन मालिकों को आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) प्रिंट कराने में काफी परेशानी हो रही है. आरसी कार्ड समय पर जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
16 जिलों का प्रदर्शन खराब
विभाग ने उन 16 जिलों को चिन्हित किया है जहां लंबित मामलों की संख्या सबसे अधिक है. इन जिलों में पटना, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सिवान, सीतामढ़ी, गया, भागलपुर, पूर्णिया, गोपालगंज, छपरा, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल और बेगूसराय शामिल हैं. परिवहन सचिव ने इन जिलों के डीटीओ को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि वे तुरंत लंबित मामलों को निपटाएं.
डीलरों पर भी सख्ती
सचिव ने आगे बताया कि कई वाहन शोरूम अभी भी बिना एचएसआरपी प्लेट लगाए वाहन बेच रहे हैं. उन्होंने साफ निर्देश दिया कि कोई भी वाहन बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट के डीलर शोरूम से बाहर नहीं निकलना चाहिए. इसके लिए विभाग द्वारा डीलरों की नियमित निगरानी की जाएगी. साथ ही, एचएसआरपी के बिना संचालित हो रहे वाहनों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना वसूला जाएगा.
