Patna: जिले में कानून-व्यवस्था और गश्त प्रणाली में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर शेखपुरा एसपी ने बड़ा चाबुक चलाया है. अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और कर्तव्यों में घोर लापरवाही के आरोप में शेखपुरा पुलिस ने एक थानाध्यक्ष (SHO) सहित कुल 6 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. अचानक हुई इस कड़ी कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

किसे किस आरोप में किया गया निलंबित

बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने, रात्रि गश्ती से नदारद रहकर घर (बांका) भागने, वरीय अधिकारियों को गुमराह करने और थाना दैनिकी/सरकारी अभिलेखों में झूठी प्रविष्टि कर तथ्य छिपाने के गंभीर आरोप में केवटी थानाघ्यक्ष एसआई त्रिपुरारी कुमार को निलंबित किया गया.

13 सितंबर की रात्रि औचक निरीक्षण के दौरान अपनी ड्यूटी से गायब मिलने पर शेखपुर थाना में तैनात एएसआई महेश कुमार पासवान (शेखपुरा थाना), केवटी थाना में तैनात एसआई असलम हजाम (केवटी थाना) और बरबीघा थाना में तैनात पीटीसी-7 अमर आजाद को निलंबित किया गया है.

9 सितंबर को सड़क दुर्घटना व जाम के दौरान घटनास्थल पर मौजूद महिला अधिकारी को अकेला छोड़कर भागने और थानाध्यक्ष को सूचना न देने के गंभीर आरोप में ईआरवी डायर्ड 112 चेवाड़ा थाना के एएसआई को निलंबित किया गया है. बार-बार सचेत करने के बावजूद लगातार कार्य में लापरवाही और आदेशों की अवहेलना के आरोप में सिरारी थाना के चौकीदार बाबूलाल पासवान को निलंबित किया गया है.

निलंबन अवधि के दौरान इन सभी 06 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों का मुख्यालय शेखपुर पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है. एसपी की ओर से साफ संदेश दिया गया है कि आमजन की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह सख्त रुख आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed