Patna: बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कटिहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. रोशना थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये मूल्य की 816 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र स्थित शेरशाहपुरी निवासी फैज मोमिन और आसिफ मोमिन के रूप में हुई है. वहीं, अन्य दो आरोपियों की पहचान पूर्णिया जिले के मीरगंज निवासी मो. जिशान और मो. असहाब के रूप में की गई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो बाइक भी जब्त की हैं.

बंगाल की ओर से आ रहे थे तस्कर, पुलिस को मिली गुप्त सूचना

पुलिस के अनुसार, रोशना थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि दो बाइक पर सवार कुछ लोग बंगाल की ओर से मादक पदार्थ लेकर महानंदा चेकपोस्ट की तरफ आ रहे हैं. सूचना मिलते ही रोशना थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ महानंदा चेकपोस्ट के समीप विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया. वाहन जांच के दौरान दो बाइक पर सवार चार व्यक्ति पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास करने लगे. हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए चारों को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 816 ग्राम स्मैक बरामद हुई. बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी. साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed