Ranchi: गढ़वा में मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया है. पुलिस ने कल्याणपुर ओवरब्रिज के समीप सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर वाहन से 426 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कंटेनर में बाकायदा गुप्त तहखाना बना रखा था. इसी विशेष बॉक्स में प्लास्टिक की थैलियों में गांजे के 426 पैकेट छिपाकर रखे गए थे. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई से पहले ही चालक मौके से फरार हो चुका था.

ड्राइवर केबिन के पीछे बनाया था गुप्त तहखाना

पुलिस के अनुसार, गढ़वा एसपी को सूचना मिली थी कि गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर (UP21BN7171) में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर की जांच की तो वाहन लावारिस हालत में खड़ा मिला. उसमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। चालक की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने कंटेनर की बारीकी से तलाशी ली. इस दौरान ड्राइवर केबिन के ठीक पीछे विशेष रूप से बनाया गया एक संदिग्ध बॉक्सनुमा ढांचा मिला. पुलिस को आशंका हुई कि इसका इस्तेमाल मादक पदार्थ छिपाकर ले जाने के लिए किया जा रहा है.

कटर मशीन से काटा गुप्त बॉक्स, निकले 426 पैकेट गांजा

संदिग्ध कंटेनर को गढ़वा थाना लाया गया. यहां कटर मशीन की सहायता से गुप्त बॉक्स को काटकर खोला गया. इसके अंदर प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखे गए गांजे के 426 पैकेट मिले. प्रत्येक पैकेट का वजन करीब एक किलोग्राम था। इस तरह पुलिस ने कुल 426 किलोग्राम गांजा बरामद किया.

तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस

गढ़वा पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और उसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है. साथ ही कंटेनर के मालिक, चालक और तस्करी के पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए अनुसंधान किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed