Ranchi: सिमडेगा पुलिस ने इंटरस्टेट गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरोह उड़ीसा से गांजा लाकर रांची ले जाने की फिराक में था. कार्रवाई के दौरान सफेद मारुति सुजुकी CIAZ कार (OD02CS 0469) और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपी में उड़ीसा के कंधमाल जिले के फुलबानी थाना क्षेत्र के पियूनपाड़ा निवासी शिवाजी प्रसाद बेहरा, मनोज साहनी, श्रीक्षेत्र कॉलोनी के रहने वाले विजय चन्द्र दिगाल, खिजुरीपाड़ा थाना क्षेत्र के प्रेमसरी निवासी सन्त दिगाल और बौद्ध जिले के बामनपाड़ा निवासी सोचिश केस नाग का नाम शामिल है. पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे पुलिस की रेकी कर रहे थे. उनके साथी पीछे दूसरे वाहन में गांजा लेकर आ रहे थे. सिमडेगा पुलिस को सक्रिय देखकर उन्होंने साथियों को वापस लौटने की सूचना दे दी, जिससे वे गांजा सहित वापस लौट गए. इस सूचना पर पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लोड गाड़ी में सवार 2 और तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि वे गांजा छिपाने में सफल रहे.
पहले भी पकड़ा गया था 108 किग्रा गांजा
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ गांजा तस्कर उड़ीसा से गांजा लेकर सिमडेगा-कोलेबिरा के रास्ते रांची जा रहे हैं. सूचना पर सिमडेगा एसपी के निर्देश पर टीम ने कोलेबिरा चेक नाका पर वाहन चेकिंग शुरू की. चेकिंग के दौरान OD02CS 0469 नंबर की सफेद मारुति CIAZ पुलिस को देखकर जान से मारने की नियत से चढ़ाने का प्रयास कर भाग निकली. पुलिस ने पीछा कर ग्राम लरबा के पास से 3 तस्करों को पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि 10 अगस्त को कोलेबिरा थाना चौक के पास उन्होंने OR05AU-7076 नंबर की Innova कार लावारिश छोड़ दी थी. उसमें से 108 किलो गांजा बरामद हुआ था. इस संबंध में कोलेबिरा थाना (कांड संख्या 47/26) में पहले से दर्ज है. इस मामले में कोलेबिरा थाना (कांड संख्या 52/26) में मामला दर्ज किया गया.
