Ranchi: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 09 अक्टूबर को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है. सोमवार को एडीजी-सह-आईजी दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
स्टेडियम से लेकर आसपास के इलाकों तक सुरक्षा की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम एवं उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शकों की सुरक्षा तथा खिलाड़ियों एवं दोनों टीमों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई. इसके अलावा महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का भी जायजा लिया गया.
पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक पर विशेष फोकस
एडीजी ने अधिकारियों को मैच के दौरान सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्टेडियम के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा.
आम दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान रांची एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अलावा जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव, अन्य पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं.
पुलिस ने दर्शकों से की सहयोग की अपील
रांची पुलिस ने आम नागरिकों और मैच देखने आने वाले दर्शकों से अपील की है कि वे पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें. पुलिस ने कहा कि व्यवस्था बनाए रखने में दर्शकों का सहयोग मैच को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण होगा.
