Patna: ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विभाग की सभी योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी के लिए केंद्रीकृत ग्रामीण योजना अनुश्रवण एवं क्रियाशीलता पर्यवेक्षण प्रणाली (CGRM) पोर्टल लॉन्च किया. अब ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और शिकायत दर्ज कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. मंत्री ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जो आवास योजना में गरीबों को अतिरिक्त लाभ दे रहा है. शुक्रवार को ग्रामीण विकास विभाग के सभागार में मंत्री श्रवण कुमार ने रिमोट से CGRM पोर्टल का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि इस एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से योजनाओं की पारदर्शी मॉनिटरिंग होगी और ग्रामीण विकास में नया अध्याय जुड़ेगा. मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गरीबों के प्रति संवेदना से ग्रामीण क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव आया है. पूर्व सीएम का संकल्प था बिहार को टॉप-5 राज्यों में लाना. यह तभी होगा जब योजनाएं धरातल पर पहुंचेंगी. पोर्टल इसी सपने को पूरा करेगा.
घर बैठे शिकायत, ऑनलाइन निगरानी
मंत्री ने कहा कि पहले ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग शाखाओं के चक्कर लगाने पड़ते थे. अब पोर्टल पर योजनाओं की पूरी जानकारी मिलेगी और लोग घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकेंगे. इससे समय पर लाभ मिलेगा.
बिहार देता है आवास में अतिरिक्त लाभ
श्रवण कुमार ने बताया कि बिहार देश का इकलौता राज्य है जहां आवास योजना में गरीबों को अतिरिक्त लाभ दिया जाता है. भूमिहीनों को जमीन खरीदने, 1996 से पहले के जर्जर मकानों की मरम्मत, पीएम आवास से वंचितों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिया जा रहा है. कई राज्यों ने अब बिहार की योजनाओं को अपनाना शुरू किया है.
AI आधारित होगा पोर्टल
प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि आवास, स्वच्छता, स्वरोजगार और ग्रामीण रोजगार विभाग की चार अहम योजनाएं हैं. CGRM पोर्टल से इनकी सतत निगरानी होगी. भविष्य में इसे AI आधारित बनाया जाएगा ताकि गुणात्मक सुधार हो सके.
EOU की तर्ज पर होगी जवाबदेही
जीविका के CEO हिमांशु शर्मा ने कहा कि पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए निगरानी जरूरी है. इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से गरीबों को बड़ा लाभ मिलेगा और शिकायतों का त्वरित निस्तारण होगा.
