Ranchi: गढ़वा के करमडीह चौक पर सकीब खान पर फायरिंग का उद्भेदन करते हुए पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी शेख लड्डु गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी का रहने वाला है. आरोपी के निशानदेही पर .315 बोर का एक कट्टा, 2 गोली, 12 बोर का एक नाली कट्टा और 2 गोली पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 जुलाई को करमडीह चौक के पास सकीब खान अपने तीन दोस्त के साथ कार (JH01FC 3871) से गये थे. एवं पान खाने के लिए रुके थे. एक व्यक्ति गाड़ी से नीचे उतरा था तथा तीन व्यक्ति उसी गाड़ी में बैठे हुए थे. दिन में करीब 12.30 बजे बाइक (JH03H 9967) सवार दो आरोपी आए एवं वैगनॉर गाड़ी की अगली सीट पर बैठे सकीब खान पर 3 राउण्ड फायरिंग किया. एक गोली सकीब खान के बाए हाथ के अंगुली में लगी एवं वो जख्मी हो गये. जिसे ईलाज के लिए गढ़वा भेजा गया. इस संदर्भ में सकीब खान के लिखित आवेदन पर डंडई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. जिसमे बताया गया कि इनकी लड़की से शमीम खान का लड़का अफजल खान शादी करना चाहता था परन्तु ये तैयार नहीं थे. कुछ माह पूर्व उस लड़के की लाश मुम्बई रेलवे ट्रैक पर मिली थी. उन लोगो का मानना है कि सकीब खान के द्वारा ही उस लड़के की हत्या करायी गयी है. इसी के प्रतिशोध में इन्हे गोली मारी गयी है.
अनुसंधान के क्रम में यह बात प्रकाश में आयी की ट्विंकल खान एवं शेख लड्डु के द्वारा ही सकीब खान को गोली मारी गयी है. घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर जप्त किया गया. आरोपी शेख लड्डु को गिरफ्तार किया गया. आरोपी अपनी संलिप्तता को स्वीकार करते हुए पुरे घटनाक्रम की जानकारी दिया. आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर ग्राम घुरुआ के एक जर्जर पुराना खपरैल के मकान के अंदर से छुपाकर रखा दो देशी कट्टा एवं गोली बरामद किया गया है.
