Ranchi: पिठौरिया थाना क्षेत्र के करकट्टा मोड़ के पास कृष्णा स्वीट्स के सेल्समैन बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल (30) की हत्या की गुत्थी रांची पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि होटल मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू ने अपने ही होटल के सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. हत्या में सहयोग करने के लिए सफाईकर्मी को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी, जिसमें 7 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे. पुलिस ने इस मामले में कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू और सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक (JH01CE-8795), हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, मृतक और आरोपी के मोबाइल फोन, घटना के दौरान पहने गए कपड़े, एक डीवीआर, दो वाई-फाई राउटर और एक स्कूटी बरामद की है. इस संबंध में पिठौरिया थाना (कांड संख्या 112/26) में मामला दर्ज किया गया है.

पत्नी पर अश्लील टिप्पणी और पैसे के गबन से था नाराज

ग्रामीण एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल कृष्णा स्वीट्स में सेल्समैन के रूप में काम करता था. होटल मालिक कृष्णा कुमार की पत्नी अक्सर होटल में पूजा करने आती थी. आरोप है कि इस दौरान राहुल उनके प्रति अभद्र और अश्लील टिप्पणियां करता था. इसके अलावा होटल की बिक्री के रुपये भी गबन कर रहा था, जिससे मालिक को आर्थिक नुकसान हो रहा था. इन घटनाओं को लेकर होटल मालिक काफी नाराज था.

कर्मचारियों को लेकर भाग जाता था सेल्समैन

एसपी ने बताया कि मृतक राहुल पश्चिम बंगाल से पिठौरिया क्षेत्र के विभिन्न होटलों में काम करने के लिए स्टाफ और वेटर भी उपलब्ध कराता था. उसने कृष्णा स्वीट्स में भी कर्मचारियों को काम पर लगवाया था. जब होटल मालिक उसे इन गतिविधियों को लेकर डांटता-फटकारता था तो वह कुछ दिनों के लिए होटल छोड़कर चला जाता था. इस दौरान होटल में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों को भी अपने साथ ले जाता था. इन तमाम विवादों के कारण होटल मालिक उससे काफी क्षुब्ध था.

सफाईकर्मी को 50 हजार की सुपारी, सात हजार रुपये एडवांस

पुलिस की जांच में सामने आया कि होटल मालिक कृष्णा कुमार ने सफाईकर्मी अमित कुमार के साथ मिलकर राहुल की हत्या की योजना बनाई. हत्या में सहयोग करने के बदले अमित को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी. इसमें से सात हजार रुपये अग्रिम भुगतान भी कर दिया गया था. दोनों ने पहले से तय योजना के तहत वारदात को अंजाम देने की तैयारी की.

ससुराल जाते समय पीछा कर कुल्हाड़ी से किया हमला

29-30 अक्टूबर की मध्यरात्रि राहुल अपने ससुराल जा रहा था. इसी दौरान पूर्व निर्धारित योजना के तहत उसका पीछा किया गया और पिठौरिया थाना क्षेत्र के करकट्टा मोड़ के पास कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई. टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर साक्ष्य जुटाते हुए कृष्णा स्वीट्स के मालिक कृष्णा कुमार उर्फ लंगडू और सफाईकर्मी अमित कुमार उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया. पूछताछ में पुलिस ने हत्या की साजिश और उसमें दोनों की भूमिका से संबंधित जानकारी हासिल की. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक (JH01CE-8795), हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, मृतक और आरोपी के मोबाइल फोन, घटना के दौरान पहने गए कपड़े, एक डीवीआर, दो वाई-फाई राउटर और एक स्कूटी बरामद की है. इस संबंध में पिठौरिया थाना (कांड संख्या 112/26) में मामला दर्ज किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed