Ranchi: कोलेबिरा थाना क्षेत्र के सेतासोया बांधटोली (सदनटोली) में चाकू से वार कर एक व्यक्ति की हत्या के मामले में सिमडेगा पुलिस कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू भी बरामद किया गया है. मृतक की पहचान गांव के ही विनोद डांग (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय निकोलस डांग के रूप में हुई है. गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र मांझी (22 वर्ष) को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
हल्ला सुनकर घर से निकले तो खून से लथपथ मिले चाचा
पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की है. मृतक के भतीजे प्रताप डांग ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि रात में हल्ला-गुल्ला सुनकर जब वह घर से बाहर निकले तो अपने चाचा विनोद डांग को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बताया कि जितेन्द्र मांझी ने चाकू से वार कर उनके चाचा को घायल कर दिया है. इसके बाद उनकी मौत हो गई.
नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी
घटना की सूचना 31 अक्टूबर को मिलने के बाद कोलेबिरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच शुरू की. भतीजे प्रताप डांग के लिखित आवेदन के आधार पर कोलेबिरा थाना (कांड संख्या 75/26) में मामला दर्ज किया गया. एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जितेन्द्र मांझी को गिरफ्तार कर लिया. वह सेतासोया बांधटोली, पंचायत बंदरचुआं का निवासी है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून लगा चाकू बरामद किया.
