Patna: बिहार के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई रफ्तार देने के लिए हाजीपुर के गोरौल फेज-1 में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित होगी. Moogy Foods Private Limited द्वारा लगभग 17.25 करोड़ के निवेश से लगने वाली यह यूनिट कुरकुरे, पफ्स और अन्य रेडी-टू-ईट स्नैक उत्पाद बनाएगी. परियोजना से 200 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे. उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को औद्योगिक विकास का आधार बना रही है. “इस तरह की परियोजनाएं स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, रोजगार सृजन और खाद्य विनिर्माण के विस्तार में अहम भूमिका निभाती हैं. बिहार को खाद्य प्रसंस्करण का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए निवेशकों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है. उद्योग विभाग के सचिव सह MD बियाडा एवं आएडा कुंदन कुमार ने बताया कि बिहार में निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियां दी जा रही हैं. “खाद्य प्रसंस्करण में हो रहा निवेश राज्य की औद्योगिक प्रगति को नई गति देगा.
BIADA की PCC बैठक में मिली मंजूरी
बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार BIADA की परियोजना समाशोधन समिति PCC की बैठक में इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिली. बैठक की अध्यक्षता उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा कुंदन कुमार ने की. बैठक में राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि और प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटन के प्रस्ताव पास हुए.
2 एकड़ में लगेगा प्लांट
प्रस्तावित इकाई IA गोरौल फेज-1, हाजीपुर, वैशाली में 2 एकड़ क्षेत्र में स्थापित होगी. यहां कुरकुरे, पफ्स और अन्य वैल्यू एडेड स्नैक प्रोडक्ट्स का निर्माण होगा. इससे राज्य में खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धित उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा. स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर बनेंगे.
