Ranchi: JSCA स्टेडियम में आगामी 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट मैच को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था का व्यापक खाका तैयार कर लिया है. मैच के दौरान शहर में संभावित ट्रैफिक जाम और वाहनों के दबाव से निपटने के लिए रांची ट्रैफिक एसपी की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है.
भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रहेगा वर्जित
जारी आदेश के अनुसार, 9 अक्टूबर को सुबह 06:00 बजे से लेकर रात 23:00 बजे तक शहर की सीमाओं में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. इस दौरान ऐसे वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. वहीं, सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेन्द्र चौक, मेकॉन चौक, ए०जी० मोड़, बिरसा चौक, हिनू चौक, अरगोड़ा चौक समेत धुर्वा गोलचक्कर के आसपास के प्रमुख इलाकों में मालवाहक वाहनों, ऑटो-टोटो और सवारी वाहनों का परिचालन सुबह 6 बजे से मैच समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा.
स्टेडियम की ओर जाने वाले रास्तों पर पाबंदी
शालीमार चौक से नॉर्थ गेट स्टेडियम तक सामान्य वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक रहेगी, हालांकि आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और चिकित्सा संबंधी वाहनों को छूट मिलेगी. इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अन्य प्रमुख मार्गों पर भी कम समय के लिए रूट डायवर्ट या वाहनों को रोका जा सकता है.
गेट के हिसाब से तय की गई पार्किंग
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट के गेट अनुसार पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं:
* साउथ व साउथ ईस्ट गेट दर्शक: धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मिया मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे. पार्किंग फुल होने पर डी०ए०वी० स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
* वेस्ट गेट दर्शक: धुर्वा बस स्टैंड/सैमबो कैंप मोड़ होते हुए सखुआ मैदान पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे. इसके अतिरिक्त सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में भी पार्किंग की सुविधा दी गई है.
* नया सराय रिंग रोड के दर्शक: हाई कोर्ट के सामने स्थित हेलीपैड मैदान में पार्किंग कर पैदल स्टेडियम की ओर बढ़ सकेंगे.
अन्य प्रमुख पार्किंग स्थल: सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, DAV स्कूल मैदान, जवाहर लाल स्टेडियम, मिया मार्केट, संत थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान को सामान्य वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है.
मैच के बाद वापसी का रूट प्लान
मैच खत्म होने के बाद शालीमार बाजार, मौसीबाड़ी, एच०ई०सी० गेट, बिरसा चौक, सुजाता चौक और राजेंद्र चौक पर यातायात दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं. रातू, मांडर, कांके, पिठौरिया या नामकुम जाने वाले वाहन पार्किंग स्थल से नया सराय, तिरिल या रिंग रोड का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं.
चारपहिया वाहनों का कम से कम उपयोग करने की अपील
यातायात पुलिस ने रांची के नागरिकों से अपील की है कि मैच के दिन बेहद जरूरी होने पर ही चारपहिया वाहनों का प्रयोग करें. ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर पुलिस को सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
