Patna: भोजपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध सिक्कों की एक विशाल खेप बरामद की है. हसनबाजार थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान 5 रुपये के सिक्कों से भरी 29 बोरियों के साथ एक पिकअप वाहन को जब्त किया है. बरामद किए गए सिक्कों की कुल कीमत 13,87,910 रुपये बताई जा रही है. मामले में पुलिस ने मौके से दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आऱोपी में बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी मनोज कुमार गुप्ता और पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव निवासी जनीश कुमार का नाम शामिल है.

मिली जानकारी के अनुसार, हसनबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान पिकअप में लदी 29 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें 5 रुपये के सिक्के भरे हुए थे. पुलिस ने तुरंत वाहन और सिक्कों को जब्त कर लिया. वही मनोज कुमार गुप्ता और जनीश कुमार को मौके पर गिरफ्तार किया गया. इस घटना के संबंध में हसनबाजार थाना (कांड संख्या- 100/26) में मामला दर्ज किया गया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ के बाद नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed