Ranchi: दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस सतर्क है. इसी क्रम में रांची एसएसपी ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन और यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई.
पंडालों से लेकर पार्किंग तक व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों, रूट लाइन, बैरिकेडिंग और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था का जायजा लिया. श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ के कारण यातायात बाधित नहीं हो, इस पर विशेष ध्यान दिया गया. पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आवागमन को सुचारु रखने के लिए विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई.
शांति समिति के सदस्यों से भी की बातचीत
एसएसपी ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पूजा आयोजन की तैयारियों तथा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के बीच समन्वय पर जोर दिया गया.
पुलिस अधिकारियों की टीम रही मौजूद
निरीक्षण के अवसर पर सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, कोतवाली एएसपी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे. रांची पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दुर्गा पूजा का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा यातायात एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन को सहयोग दें.
