Ranchi: छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शनिवार को एसएसपी समेत नगर, ग्रामीण और ट्रैफिक एसपी ने शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, पानी की गहराई, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को छठ घाटों के आसपास नशेबाजी और अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
छह प्रमुख छठ घाटों का लिया जायजा
पुलिस अधिकारियों ने कांके डैम, जतरा तालाब, राजभवन तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और डोरंडा स्थित बटन तालाब का निरीक्षण किया. इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने और वहां विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया.
पानी की गहराई और बचाव व्यवस्था पर विशेष नजर
निरीक्षण के दौरान घाटों पर पानी की गहराई, संभावित दुर्घटना वाले स्थानों और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित बचाव की व्यवस्था की जानकारी ली गई. छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया.
भीड़ नियंत्रण और सीसीटीवी से होगी निगरानी
अधिकारियों ने घाटों पर भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, श्रद्धालुओं के आवागमन के रूट और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया गया, ताकि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटा जा सके.
नशेबाजों और असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई
छठ घाटों के आसपास नशेबाजी और अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिया गया. अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, पूजा समितियों और गणमान्य लोगों से भी बातचीत की. उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
पड़हा जतरा जुलूस को लेकर भी सुरक्षा निर्देश
छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जतरा ग्राउंड के समीप आयोजित होने वाले आदिवासी समाज के पड़हा जतरा जुलूस की तैयारियों की भी समीक्षा की. जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के साथ विधि-व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया.
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस उपाधीक्षक, स्थानीय थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. रांची पुलिस ने कहा है कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
