Ranchi: मांडर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव में जमीन विवाद को लेकर रामू उरांव (55) की गोली मारकर हत्या करने के मामले में रांची पुलिस ने कार्रवाई की है. करीब 10 वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद में साजिश रचकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें तीन आरोपियों में शामिल राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह को 30 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि दो अन्य आरोपियों में शामिल कुलदीप सिंह और राजेन्द सिंह को रविवार को दबोचा गया. सभी गिरफ्तार आरोपी ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के अड़ा गांव के रहने वाले हैं.
डेयरी के पास गोली मारकर की गई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि मांडर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव स्थित डेयरी के पास सेवाडीह निवासी रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही मांडर थाना प्रभारी, खलारी डीएसपी और आसपास के थानों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर मांडर थाना (कांड संख्या 113/26) में प्राथमिकी दर्ज की गई.
10 साल से चल रहा था जमीन का विवाद
एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी खलारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई. एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान की. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक रामू उरांव और उनके बीच जमीन को लेकर पिछले करीब 10 वर्षों से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में साजिश रचकर उनकी हत्या की गई.
पहले तीन गिरफ्तार, अब दो और आरोपी दबोचे गए
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह को गिरफ्तार किया था. तीनों को 30 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. वहीं, कांड में शामिल अन्य दो आरोपियों कुलदीप सिंह और राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह को एक नवंबर को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपी ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के अड़ा गांव के रहने वाले हैं.
