Patna: लखीसराय पुलिस ने एटीएम स्वैपिंग कर ठगी करने वाले इंटरस्टेट गिरोह के मुख्य आरोपी चंदन सिंह को गिरफ्तार किया है. आरोपी बांका जिले से पकड़ा गया. पूछताछ में पता चला कि चंदन सिंह बिहार के कई जिलों और सीमावर्ती राज्यों में एटीएम स्वैपिंग फ्रॉड में सक्रिय था. उसके खिलाफ लखीसराय, पटना, वैशाली, गया, सुपौल और झारखंड के रामगढ़ में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

फर्जी हेल्पलाइन के जरिये देता था वारदात को अंजाम

मामले के जानकारी देते हुए लखीसराय एसपी ने बताया कि 19 जुलाई को रोहित कुमार हसनपुर स्थित एटीएम से पैसा निकाल रहा था. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. एटीएम पर चिपकाए गए फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने पर ठगों ने उन्हें जमुई मोड़ बुला लिया. इस बीच मशीन से कार्ड निकालकर 3 लाख 36 हजार रुपये निकाल लिए गए. रोहित की शिकायत पर कवैया थाना (कांड सं0-277/26) में मामला दर्ज किया गया. कवैया थाना और तकनीकी शाखा की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी की पहचान गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के रजौधा टोला के रहने वाले चंदन सिंह के रूप में की. 30 जुलाई को गया में छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से 49,500 रुपये नगद, स्वाइप मशीन, मोबाइल, पिलास, पेचकस बरामद हुए, लेकिन चंदन फरार हो गया था. छापेमारी के क्रम में मिले सूचना पर आरोपी को  बांका जिला से गिरफ्तार कर लिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed