Patna: ‘बिहार पेंशन दिवस’ के अवसर पर राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से बटन दबाकर राज्य के 1 करोड़ 1 लाख 33 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 1100 प्रति व्यक्ति की दर से कुल 1157 करोड़ 72 लाख की राशि हस्तांतरित की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी सीधे जुड़े थे.
हर महीने की 10 तारीख को मिलेगी पेंशन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 से बढ़ाकर 1100 किया गया है सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि अब प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेज दी जाएगी. यह व्यवस्था सरकार की पारदर्शी और तकनीक आधारित कार्यशैली का प्रमाण है. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सामाजिक सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे. छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें तुरंत योजना से जोड़ा जाए. पेंशन वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह समयबद्ध और पारदर्शी रहे ताकि हर जरूरतमंद को सम्मानपूर्वक लाभ मिल सके.
1.70 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ
सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के गरीब और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. वर्तमान में राज्य के 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है, जिसके लिए राज्य सरकार सालाना 23 हजार करोड़ की सब्सिडी वहन कर रही है.
कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक सुरक्षा निदेशक डॉ० प्रीति ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. इस दौरान योजना पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ० श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच०आर० श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित शासन-प्रशासन के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
