Ranchi: कोर्ट ग्राउंड में फुटबॉल खेलने पहुंचे खिलाड़ियों का बैग चोरी कर भाग रहे तीन आरोपियों को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया. सूचना मिलते ही पहुंची सिमडेगा पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान चोरी किए गए बैग से मोबाइल फोन बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपी में सिमडेगा थाना क्षेत्र के खैरनटोली गोसाई मोहल्ला का रहने वाला अंकित प्रसाद, कुरडेग थाना क्षेत्र के ढोढीजोर के रहने वाले निरंजन केरकेट्टा और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रिगड़ी कसेराटोली के रहने वाले मुकेश किड़ो का नाम शामिल है. अंकित प्रसाद और मुकेश किड़ो का आपराधिक इतिहास रहा है.
फुटबॉल खेलने में व्यस्त थे खिलाड़ी, मौका देखकर उठाया बैग
घटना 6 नवंबर की सुबह की है. पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सुबह करीब 5 बजे फुटबॉल खेलने कोर्ट ग्राउंड पहुंचे थे. खेलने से पहले उन्होंने अपना मोबाइल फोन बैग में रखकर मैदान की सीढ़ी पर छोड़ दिया और खेलने लगे. इसी दौरान सुबह करीब 8:15 बजे एक युवक अपने दो सहयोगियों के साथ बैग उठाकर गेट की ओर भागने लगा.
शोर मचते ही लोगों ने खदेड़कर पकड़ा
बैग लेकर भागते युवक को देखकर शिकायतकर्ता ने शोर मचाया। इसके बाद मैदान में मौजूद लोगों ने तीनों का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया. सूचना मिलने पर सिमडेगा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी किया गया बैग और उसमें रखा रियलमी मोबाइल बरामद हुआ. इस संबंध में सिमडेगा थाना (कांड संख्या 150/26) में मामला दर्ज किया गया है.
