Ranchi: असामाजिक तत्वों से लगातार संपर्क रखने, वरीय पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देशों की गोपनीय जानकारी साझा करने और थाना की गोपनीयता भंग करने के गंभीर आरोपों में सिमडेगा के तत्कालीन प्रभारी थाना प्रभारी एसआई मानव मयंक पर कार्रवाई की गई है. सिमडेगा एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रभारी थाना प्रभारी के दायित्व से मुक्त करते हुए ओड़गा ओपी में कनीय अवर निरीक्षक के पद पर स्थानांतरित एवं पदस्थापित कर दिया है.

कार्यकलापों की समीक्षा में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं

एसपी द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के कार्यकलापों की नियमित समीक्षा की जा रही है. इसी क्रम में मानव मयंक के कार्यों की समीक्षा के दौरान कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े कई मामले सामने आए.

असामाजिक तत्वों तक पहुंचा रहे थे गोपनीय सूचनाएं

पुलिस की समीक्षा में असामाजिक तत्वों के साथ लगातार संपर्क में रहने और वरीय पदाधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का उनके साथ आदान-प्रदान करने के आरोप सामने आए. इसे विभागीय गोपनीयता और अनुशासन के लिहाज से गंभीर मामला माना गया.

स्कॉर्पियो चोरी का उद्भेदन नहीं होना भी बना कार्रवाई का आधार

इसके अलावा क्षेत्र में हुई स्कॉर्पियो वाहन चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं होना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और आवश्यक कार्रवाई में अपेक्षित तत्परता का अभाव भी समीक्षा के दौरान सामने आया. इन सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने प्रशासनिक कार्रवाई का आदेश दिया.

लापरवाही और अनुशासनहीनता पर नहीं होगा समझौता

एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के कामकाज की नियमित समीक्षा जारी रहेगी. कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता, विभागीय गोपनीयता भंग करने अथवा अवैध गतिविधियों में संलिप्तता या उन्हें संरक्षण देने के मामलों में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed