Ranchi: हजारीबाग ट्रेजरी घोटाला मामले में एक आरोपी को सीआईडी की एसआईटी ने गिरफ्तार किया है. वही 1.68 करोड़ रुपये को फ्रिज कर दिया गया है. हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र के हिराबाग चौक के रहने वाले गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार सिंह मूलरूप से बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के लोरीबाँध का रहने वाला है.
अनुसंधान के क्रम में एसआईटी ने सौरभ कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. इनके पास से बरामद एसबीआई खाता में पूर्व के अनुसंधानकर्ता ने 1,50,00000 रूपया का फिक्स डिपॉजिट एवं 18,86,467 रूपया को फ्रिज किया है. गिरफ्तारी के क्रम में बाइक (JH02BU0844), मोबाईल, एसबीआई का पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड जप्त किया गया है.
बता दे कि सरकार के आदेश पर हजारीबाग कोषागार से अवैध राशि निकासी मामले में सीआईडी जांच कर रही है. इस सम्बंध में हजारीबाग लोहसिंगना थाना (काण्ड संख्या-32/26) में मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया. पूर्व में पाँच आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो सभी न्यायिक हिरासत में है. इनमें हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र के दीपूगढ़ा के शम्भू कुमार, पत्नी काजल कुमारी, चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिण्ड्राकला निवासी रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह, पत्नी खुशबू सिंह, पति-रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह और बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के शंकरबीघा निवासी धीरेन्द्र सिंह का नाम शामिल है.
