Ranchi: कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने जिले के गरीब और दूर-दराज के फरियादियों की परेशानी देखते हुए ऐतिहासिक फैसला लिया है. अब फरियादी एसपी से मिलने मुख्यालय नहीं आएंगे, बल्कि एसपी खुद थाने पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करेंगे. 4 जून से हर बृहस्पतिवार को सतगांवा, मरकच्चो, जयनगर जैसे दूरस्थ थानों में ‘जनसुनवाई कार्यक्रम’ लगाया जाएगा.
बच्चों संग बस-ऑटो में आने की मजबूरी खत्म
SP कार्यालय में फरियाद सुनने के दौरान पता चला कि सतगांवा, मरकच्चो, जयनगर के सुदूर गांवों से लोग छोटे बच्चों को लेकर सुबह घर से निकलते हैं. बस-ऑटो से आने-जाने में भारी खर्च होता है. तेज धूप-बारिश में परेशान होते हैं और दिनभर की मजदूरी भी मारी जाती है. शाम को घर लौटते हैं.
SP बोले- अब मैं आऊंगा आपके द्वार
इसी दर्द को समझते हुए कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने तय किया कि जनता एसपी से मिलने न आए, एसपी खुद थाने जाकर समस्या सुनेंगे और मौके पर ही निराकरण कराएंगे. एसपी ने कहा कि आगे भी हर सप्ताह जिले के अलग-अलग थानों में खुद पहुंचकर आम जनता की समस्या सुनेंगे. अगली जनसुनवाई की तारीख बाद में जारी होगी.
जनसुनवाई का शेड्यूल जारी
04.06.2026, बृहस्पतिवार, 11:30 पूर्वा० – सतगांवा थाना
11.06.2026, बृहस्पतिवार, 11:30 पूर्वा० – मरकच्चो थाना
18.06.2026, बृहस्पतिवार, 11:30 पूर्वा० – जयनगर थाना
