Patna: मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में नवजात शिशुओं के अवैध व्यापार में संलिप्त एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मौके से 1.12 लाख रुपये नगद, एक एम्बुलेंस, एक ऑल्टो कार और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में मोतीहारी धर्मपुर के गुड्डू कुमार, औरंगाबाद जिले के गोह के रहने वाले गौतम कुमार, पटना जिले क परसा बाजार के रहने वाले चंदन राम, सोनागोपालपुर के रहने वाले छोटू कुमार, धनरुआ हुलाशचक के रहने वाले कुणाल कुमार और तीन महिलाएं शामिल है.
वाहन की तलाशी में नवजात के साथ मिले 8 आरोपी
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि ‘विशाल चाईल्ड केयर’ पकड़ीदयाल हॉस्पिटल के पास से एक नवजात शिशु की खरीद-बिक्री कर एम्बुलेंस और ऑल्टो कार के जरिए पचपकड़ी रोड/चोरमा कोठी बाजार की तरफ ले जाया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गश्ती दल, AHTU (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और STF की संयुक्त टीम ने चोरमा कोठी बाजार के पास नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को घेर लिया. एम्बुलेंस की जाँच के दौरान पुलिस को एक महिला मिली जिसके हाथ में नवजात शिशु था. वाहनों में सवार अन्य व्यक्तियों से जब कड़ी पूछताछ की गई तो महिला ने शिशु को खरीदने और अन्य आरोपियों ने खरीद-बिक्री के पूरे खेल में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली.
