Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और नई तकनीकों को अपनाकर बिहार को देश का अग्रणी राज्य बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं. वे शुक्रवार को पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिमेज आई०टी० पार्क में 1200 क्षमता वाले नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर, कंप्यूटर लैब और क्लास का निरीक्षण किया व छात्रों से उनके एआई प्रोजेक्ट्स पर संवाद किया. इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.

बिहार में खुलेंगे 100 टेक्नोलॉजी सेंटर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमेज की पहल सराहनीय है. बिहार में कम से कम 100 टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित किए जाएंगे ताकि युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगार मिल सके. उन्होंने कहा कि अब कंप्यूटर, मोबाइल के बाद ए०आई० दुनिया चला रहा है. पहले लगता था कंप्यूटर से नौकरी घटेगी, आज वही तकनीक रोजगार का सबसे बड़ा जरिया है.

सरकारी स्कूलों को मिलेगी IIT जैसी पढ़ाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी संस्थानों की तरह अब सरकारी स्कूल-कॉलेजों को भी आधुनिक तकनीक और संसाधन दिए जाएंगे. सिमेज द्वारा सरकारी स्कूलों के बच्चों को IIT से जोड़ने की पहल की उन्होंने सराहना की. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ए०आई० में महारत हासिल कर बिहार को तकनीक में देश का लीडर बनाएं.

24 घंटे में आएगा इंजीनियरिंग का रिजल्ट

तकनीक से परीक्षा व्यवस्था भी बदलेगी. मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक का रिजल्ट अब 24 घंटे में जारी होगा. फेल छात्रों के लिए तुरंत पुनर्परीक्षा की व्यवस्था होगी ताकि उनका साल बर्बाद न हो.

सहयोग पोर्टल पर 7.13 लाख शिकायतों का निपटारा

मुख्यमंत्री ने ‘सहयोग पोर्टल’ का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक 7.13 लाख से ज्यादा लोगों ने शिकायत दर्ज की है. लक्ष्य है 30 दिन में हर शिकायत का समाधान। देरी होने पर अधिकारियों को स्वतः नोटिफिकेशन जाएगा। हर महीने के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर पर इसकी समीक्षा होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed