Patna: किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र स्थित रंगी चौक फरबाड़ी के पास बकरी चोरी के आरोप में पकड़े गए दो अपराधियों के साथ मारपीट करने, पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र भटिया टोली के रहने वाले बबलू कुमार सिंह, श्याम कुमार सिंह, दुरगेश कुमार सिंह, कौरव कुमार सिंह और बिनोद कुमार सिंह का नाम शामिल है.
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार 10 सितंबर की शाम गश्ती दल को सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने रंगी चौक पर दो बकरी चोरों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से दोनों आरोपियों को बचाकर अपनी हिरासत में लेने का प्रयास किया. इसी दौरान उग्र भीड़ और असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और आरोपियों की मोटरसाइकिल में आग लगा दी.
किशनगंज एसपी के निर्देशन और एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम छापेमारी कर इस मामले में संलिप्त भटिया टोली निवासी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने मामले में टेढ़ागाछ थाना कांड सं. 262/26 दर्ज कर बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की है। वहीं, चोरी के आरोपी दोनों अपराधियों के खिलाफ भी अलग से कांड सं. 263/26 दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस की अपील
किशनगंज पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे कानून को अपने हाथ में न लें, सरकारी कार्य में बाधा न डालें और न ही सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएं। भविष्य में भी विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
