Patna: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री-सह-पूर्वी चंपारण जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार शुक्रवार को अहले सुबह बाढ़ प्रभावित संग्रामपुर अंचल के डुमरिया पंचायत स्थित बिश्रामपुर के वार्ड नंबर 15 पहुंचे. उन्होंने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से नाश्ता-भोजन, रहने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं समेत अन्य उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने और किसी प्रकार की कमी नहीं होने देने का निर्देश दिया.
स्कूल में पढ़ाई और मेडिकल कैंप का लिया जायजा
प्रभारी मंत्री ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिश्रामपुर का भी निरीक्षण किया. उन्होंने विद्यालय में बच्चों के पठन-पाठन की व्यवस्था देखी. स्कूल परिसर में लगाए गए मेडिकल कैंप का निरीक्षण करते हुए इलाज कराने पहुंची महिलाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली.
मंत्री ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से कैंप में उपलब्ध दवाओं, मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्रों के बीच किट का वितरण किया.
जिला प्रशासन की व्यवस्था पर जताया संतोष
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर मंत्री श्रवण कुमार ने संतोष जताया. उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए यहां बेहतर व्यवस्था की गई है. इसके लिए जिला प्रशासन धन्यवाद का पात्र है, जिसने पूरी तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य किया है.
आपदा में एकजुट होकर काम करने का संदेश
मंत्री ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने मिलकर मानवता की मिसाल कायम की है. आपदा की स्थिति में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का समय नहीं होता. ऐसे समय में सभी को कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि अरेराज क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम लोगों ने मिलकर जिस तरह बाढ़ की चुनौती का सामना किया है, वह सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है.
