Ranchi: झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का रविवार (06 सितंबर 2026) की सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में निधन हो गया. उनके अचानक हुए निधन से पूरे राज्य और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है.

मंत्री के सम्मान में झारखंड सरकार ने 6 सितंबर और 7 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का आधिकारिक निर्णय लिया है. इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अखिलेश कुमार सिन्हा द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है.

बता दे कि गिरिडीह के हरसिंगरायडीह स्थित आवास पर वह देर रात सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. छाती में दर्द की शिकायत पर परिजन तत्काल उन्हें गिरिडीह के मर्सी हॉस्पिटल ले गए. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, समारोह रद्द

राजकीय शोक की अवधि के दौरान राज्य की उन सभी सरकारी और प्रशासनिक इमारतों पर, जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका (आधा नमित) रहेगा. इसके साथ ही इस दौरान राज्य में किसी भी प्रकार के आधिकारिक या राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा.

7 सितंबर को सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद

राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि दिवंगत मंत्री के सम्मान में सोमवार, 7 सितंबर 2026 को झारखंड सरकार के सभी सरकारी कार्यालय पूर्णतः बंद रहेंगे. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग को आवश्यक आदेश निर्गत करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

आज शाम नरसिंह घाट पर होगी अंत्येष्टि

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन काफी मर्माहत हैं. मुख्यमंत्री दिन के लगभग 12 बजे रांची से गिरिडीह पहुंचेंगे. सोनू के निधन के बाद परिवार और सरकार उनकी अंत्येष्टि को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार रविवार की शाम लगभग चार बजे गिरिडीह के नरसिंह घाट पर उनकी अंत्येष्टि की जाएगी. सुदिव्य सोनू के पार्थिव शरीर को विधानसभा परिसर लाने की कोई योजना नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *