Patna: बक्सर जिले के वासुदेवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के घर पर छापेमारी के दौरान अवैध हथियारों के साथ हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वासुदेवा गांव निवासी विगन बिंद और नावानगर थाना क्षेत्र के रामधनी शर्मा के पुत्र संतोष शर्मा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार को गुप्त सूचना मिली थी कि वासुदेवा थाना क्षेत्र के बिंद टोली के विगन बिंद और छबीला बिंद के घर में अवैध हथियार बनाने का काम किया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए बक्सर एसपी के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. विशेष टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद आरोपियों के घरों पर छापेमारी की. इस दौरान विगन बिंद और संतोष शर्मा को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से अवैध हथियारों के साथ हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और सामग्री बरामद की. बरामद सामग्री में दो देशी कट्टे, एक नाली बंदूक, एक अर्धनिर्मित देशी कट्टा, खोखा, कारतूस, लोहे की विभिन्न वस्तुएं, हथौड़ी, रेती, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, पाइप, पिलास, निहाई और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण शामिल हैं. इस संबंध में वासुदेवा थाना (कांड संख्या 125/26) में मामला दर्ज किया गया. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियार निर्माण के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
