Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो ज्वेलरी दुकानों और एक आरोपी के घर से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल बरामद किए गए हैं. बरामद सोने-चांदी का बाजार मूल्य करीब 3.70 लाख रुपये बताया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार (24), निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा और वर्तमान पता आमटांड़, रातू; विनय कुमार वर्मा (39), निवासी संडे मार्केट, रातू; विनायक कुमार सोनी (24), निवासी कतरास, धनबाद और वर्तमान पता रानी बगान रोड नंबर-दो, रातू; तथा दीपक उरांव उर्फ लड्डू (25), निवासी बड़काटोली, रातू शामिल हैं.

हरियाणा में भी दर्ज हैं चोरी के कई मामले

एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी (मुख्यालय-द्वितीय) के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवर बरामद किए गए. आकाश मूल रूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है. वह कुरुक्षेत्र और आसपास के इलाकों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है. आकाश महतो के खिलाफ हरियाणा के कृष्णा गेट, बलदेव नगर, थानेसर सिटी और करनाल सिविल लाइन थाना क्षेत्रों में चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं. इसके अलावा रातू थाना कांड संख्या 246/26, 327/26, 315/26 और 378/26 में भी उसकी संलिप्तता की बात सामने आई है. इस मामले में रातू थाना (कांड संख्या 373/26) में मामला दर्ज किया गया था. हरियाणा से आने के बाद वह रातू थाना क्षेत्र के आमटांड़ में पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो.

दिन में बंद घरों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करते थे. आकाश दिन के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय रहता था. चोरी किए गए जेवर को रातू के काठीटांड़ स्थित अलंकार ज्वेलर्स और जेपी जेवर दुकान में बेच दिया जाता था. पुलिस ने दोनों दुकानों से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं. चोरी की घटनाओं में शामिल होने के साथ-साथ जेवर की खरीद-बिक्री में संलिप्तता के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आकाश के घर से सोने का एक जोड़ी झुमका, चांदी जैसी एक जोड़ी पुरानी पायल, पांच चांदी की बिछिया, एक कान का झल्ला, 7,850 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, कुल करीब 600 ग्राम चांदी और 15 से 20 ग्राम सोना बरामद हुआ है. इनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3.70 लाख रुपये है.

दो ज्वेलरी दुकानों से मिले सोने-चांदी के गहने

जेपी जेवर दुकान से चांदी के दो जोड़ी पायल, एक चांदी की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र और पांच सोने की नोजपिन बरामद की गईं. वहीं, अलंकार ज्वेलर्स से तीन जोड़ी चांदी के पायल, एक कमरधनी, एक पंजा, एक ब्रेसलेट, सात चांदी की चेन, 11 बिछिया, दो अंगूठियां, एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक सोने की चेन, तीन सोने के कान के रिंग और दो सोने की नोजपिन बरामद हुईं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed