Patna: सकरी और रैयाम में खुल रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026’ शुरू करने की तैयारी कर ली है. सरकार का लक्ष्य किसानों की आमदनी बढ़ाना भी है. राज्य सरकार के निर्देश पर दरभंगा में गन्ना उद्योग, कृषि, सहकारिता और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मिलकर काम करेंगे. अभियान को राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत – 4 स्तरों पर चलाया जाएगा. 2 जुलाई को पटना में गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हो चुकी है. बुधवार को डीएम दरभंगा की अध्यक्षता में बैठक कर रूपरेखा तय की गई. बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और गन्ना उद्योग के सहायक निदेशक मौजूद थे.
किसानों के लिए क्या होगा खास
अधिकारी जाएंगे खेत तक: पंचायत और प्रखंड स्तर के अधिकारी सीधे किसानों के घर-खेत जाएंगे.
तकनीक + जानकारी: गन्ने की उन्नत खेती की तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.
तत्काल समाधान: बीज-खाद या फसल लगाने में कोई दिक्कत आए तो अधिकारी मौके पर ही सुलझाएंगे.
जागरूकता अभियान: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग व्यापक प्रचार करेगा.
सरकार का लक्ष्य
इस अभियान से सकरी और रैयाम चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना मिल सकेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. प्रशासन को उम्मीद है कि तकनीकी मदद और सरकारी सुविधाओं से किसान गन्ना खेती की ओर तेजी से आकर्षित होंगे.
