Patna: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड स्थित माँ मुंडेश्वरी धाम को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि धाम में हेलीपैड और रोप-वे बनाया जाएगा ताकि श्रद्धालु और पर्यटक आसानी से पहुंच सकें. साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले को 196.06 करोड़ रुपये की 60 विकास योजनाओं की सौगात दी. मुख्यमंत्री आज पहाड़िया पंचायत स्थित माँ मुंडेश्वरी धाम धर्मशाला के पास आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने सबसे पहले माँ मुंडेश्वरी भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति की कामना की. मुख्यमंत्री ने 196.06 करोड़ की 60 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इनमें 162.69 करोड़ की 20 योजनाओं का शिलान्यास और 33.36 करोड़ की 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है. मुख्यमंत्री ने जमीन बंदोबस्ती प्रमाण पत्र, PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना की स्वीकृत राशि का सांकेतिक चेक लाभुकों को दिया. मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का सपना है विकसित भारत, नीतीश कुमार का सपना है समृद्ध बिहार. हम उसे पूरा करने में जुटे हैं। बिहार सबसे सस्ती बिजली और 23,000 करोड़ सब्सिडी देने वाला राज्य है.

सहयोग शिविर: 3.03 लाख आवेदन, 90% निष्पादित

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व सहित 12 विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और आवेदकों से खुद आवेदन लेकर 30 दिन में निष्पादन का भरोसा दिया. उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में सहयोग शिविर के माध्यम से अब तक 3 लाख 3 हजार 678 आवेदन मिले हैं, जिनमें से 2 लाख 61 हजार 628 आवेदनों का निष्पादन 30 दिन के अंदर हो चुका है. यह कुल आवेदनों का 90% है. लापरवाही पर सख्ती दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 दिन में कार्रवाई न होने पर पहली नोटिस, 21वें दिन दूसरी और 25वें दिन तीसरी नोटिस जारी होती है. 30 दिन में निष्पादन न होने पर संबंधित पदाधिकारी 31वें दिन स्वतः निलंबित हो जाएंगे. अब तक 8,942 पदाधिकारियों को पहली, 153 को दूसरी और एक को तीसरी नोटिस जारी हो चुकी है.

माँ मुंडेश्वरी धाम का होगा जीर्णोद्धार, लगेगा रोप-वे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सासाराम माँ ताराचंडी और कैमूर माँ मुंडेश्वरी भवानी से जुड़ा पवित्र स्थल है. यहां हेलीपैड विकसित होगा ताकि श्रद्धालु आसानी से आ-जा सकें. बिहार के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सुविधा शुरू करेंगे.” उन्होंने कहा कि माँ मुंडेश्वरी भवानी मंदिर का लंबे समय से जीर्णोद्धार नहीं हुआ है. मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए रोप-वे की व्यवस्था होगी. “बरसात के बाद अगली बार जब आऊंगा तो रोप-वे के कार्य का शिलान्यास करूंगा.” साथ ही यहां जंगल सफारी और इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

बड़े ऐलान: हर घर सोलर, हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज

फ्री बिजली: “हर परिवार को सोलर युक्त बनाएंगे. छतों पर सरकार सोलर पैनल लगाएगी. 25 साल तक निःशुल्क बिजली मिलेगी. 125 यूनिट से ज्यादा उत्पादन पर सरकार बिजली खरीदकर पैसे खाते में भेजेगी. एक पैसा खर्च नहीं होगा.

शिक्षा: 534 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज में पढ़ाई होगी. 211 प्रखंड जहां कॉलेज नहीं हैं, वहां जुलाई से पढ़ाई शुरू होगी. अगले 2 साल में हर प्रखंड में ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ मॉडल स्कूल बनेंगे.

उद्योग: उद्योग लगाने के लिए 30 दिन में क्लीयरेंस मिलेगा. शिक्षक तबादला: महिला शिक्षक गृह पंचायत के बगल वाले पंचायत में, पुरुष शिक्षक गृह प्रखंड के बगल वाले प्रखंड में पदस्थापित होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *