​Patna: रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल के पास से हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का नवादा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है. पुलिस ने न केवल अपहृत व्यक्ति को पड़ोसी राज्य झारखंड के कोडरमा से सकुशल मुक्त करा लिया, बल्कि घटना में शामिल एक आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.

सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से मिला सुराग

मामला 16 सितंबर का है, जब सिमरकोल के पास कुछ अज्ञात अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया और परिजनों से मोटी फिरौती की मांग की जाने लगी. घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी के निर्देश पर रजौली एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस के जरिए अपराधियों के ठिकाने का पता लगाया.

लाइजनिंग करने वाला ‘लाइनर’ चढ़ा पुलिस के हत्थे

तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त रजौली थाना क्षेत्र के मसई निवासी आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया. कड़ाई से पूछताछ में अंकित ने स्वीकार किया कि वह इस अपहरण कांड में ‘लाइनर’ की भूमिका निभा रहा था. उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के कोडरमा से अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक बाईक भी जब्त की है. पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed