Patna: खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के लगार गांव में आम चोरी का विरोध करना एक बगीचे के रखवाले को भारी पड़ गया. बेदानंद दास और उसके परिजनों ने मिलकर रखवाले अजय दास की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को सूखे कुएं में फेंक दिया. खगड़िया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आऱोपी में मड़ैया थाना क्षेत्र के दूसरकोठी के रहने वाले मो. सुलतानी उद्दीन, चौथम थाना क्षेत्र के हैरवापार के रहने वाले मो. कयामउद्दीन, उसके दो पुत्र मुस्तकीन, सोयल, परबत्ता थाना क्षेत्र के हितेश कुमार और उसका भाई श्रवेय कुमार का नाम शामिल है. ग्रामीणों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि बगीचे से आम की चोरी करने के दौरान बेदानंद दास और उसके परिजनों को अजय दास ने टोका था. इसी बात पर आरोपियों ने अजय की पीट-पीटकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया.

आम बगीचे का देखरेख करता था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को सुबह करीब 10:30 बजे परबत्ता थाना को सूचना मिली कि लगार गांव जाने वाली पक्की सड़क के दक्षिण 100 मीटर अंदर ब्रह्मदेव दास के आम बगीचे में स्थित सूखे कुएं में एक व्यक्ति का शव पड़ा है. पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सामने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा. शव की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के वार्ड नं.-14 निवासी अजय दास के रूप में हुई. अजय आम के बगीचे की देखरेख करता था. इस संबंध में परबत्ता थाना (कांड सं0- 224/26) में मामला दर्ज किया गया है. अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed