Ranchi: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डडी बार के समीप 27 जून की रात हुई चाकू मारने की घटना के दौरान गश्ती दल में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है. एसएसपी ने कर्तव्य में शिथिलता बरतने के आरोप में 3 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इनमें एएसआई रतन कुमार दास, राजेश कुमार रंजन और आरक्षी मनोज कुमार का नाम शामिल है. एसएसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को पत्र प्राप्ति के 03 दिन के अंदर विभागीय कार्यवाही के लिए लिखित स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया है. निर्धारित अवधि तक स्पष्टीकरण अप्राप्त रहने पर विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाएगी.
पुलिसकर्मी के सामने चाकू से हमला
जानकारी के मुताबिक 27 जून की रात को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डडी बार के समीप गश्ती दल के पुलिसकर्मियों के सामने दो युवक हिमांशु सिंह एवं प्रत्युष सिंह को कुछ युवकों ने चाकू मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था. जख्मी हालत में ईलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया. सीसीटीवी फूटेज के अवलोकन से यह परिलक्षित होता है कि उक्त घटना गश्ती दल में तैनात पुलिसकर्मियों के सामने हो रही थी. गश्ती दल के पुलिसकर्मी तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए घटना को रोका सकते थे, परंतु काफि शिथिल रवैया अपनाया गया. उक्त सीसीटीवी वीडियो की सत्यता व घटना के दौरान गश्ती दल की भूमिका की जाँच सीसीआर डीएसपी से कराई गई जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि गश्ती दल में तैनात एएसआई रतन कुमार दास, राजेश कुमार रंजन औऱ आरक्षी मनोज कुमार ने अपने कर्तव्य का निर्वहन तत्परता एवं सूझबूझ से नहीं किया, जिसके कारण उक्त घटना को सामने अंजाम दिया जा सका. यदि इनके द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए कर्तव्यों का निर्वहन किया जाता तो इस घटना को रोका जा सकता था. अतः इनके कर्तव्य के दौरान शिथिलता, सार्थक प्रयास नहीं करना एवं अयोग्य पुलिसकर्मी का परिचायक पाते हुए एसएसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित किया है. निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र रहेगा.
