Patna: गया जिले के पंचानपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 3 आरोपी को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 2 देशी कट्टा, 1 सिक्सर और 11 गोली के अलावे बाईक और एक मोबाईल बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आऱोपी में शत्रुघन कुमार उर्फ फोनु उर्फ अंकित कुमार, सचिन कुमार और पंकज कुमार का नाम शामिल है. तीनों आरोपी पंचानपुर थआना क्षेत्र के शहबाजपुर का रहने वाला है.
मोबाइल की फोटो से खुला राज
मिली जानकारी के अनुसार पंचानपुर थाना को सूचना मिली कि पंचानपुर बेला मोड़ पर दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बाईक के साथ खड़े हैं. पुलिस टीम पहुंची तो एक व्यक्ति भागने लगा, भाग रहे संदिग्ध शत्रुघन कुमार उर्फ फोनु उर्फ अंकित कुमार को पकड़ा गया. तलाशी में उसके मोबाइल में एक देशी कट्टे के साथ फोटो मिली. पूछताछ में उसने बताया कि ये फोटो उसने सचिन कुमार से हथियार लेकर खिंचवाई थी. पुलिस ने सचिन कुमार के घर छापेमारी की तो वह भागने लगा. उसे भी पकड़ लिया गया. सचिन ने बताया कि हथियार उसने 1 माह पहले पंकज कुमार को दे दिए थे. दोनों की निशानदेही पर पंकज कुमार के घर छापेमारी की गई. पंकज भी भागने की कोशिश में पकड़ा गया. उसकी निशानदेही पर घर की आलमीरा में प्लास्टिक की पन्नी में छुपाकर रखे 2 देशी कट्टा, 1 सिक्सर और 11 गोली बरामद हुए. इस संबंध में पंचानपुर थाना (कांड संo 137/26) में मामला दर्ज किया गया है.
