Patna: जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ सीवान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ट्रक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान चोरी के 2 ट्रकों को बरामद करते हुए 2 कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में सीवान जिले क भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के अरुआ निवासी प्रमोद सिंह और बसंतपुर थाना क्षेत्र के बारवा कला के रहने वाले तसौवर हुसैन उर्फ मुन्ना मियां का नाम शामिल है. दोनों गिरफ्तार आरोपी पर पहले से ही विभिन्न थानों (भगवानपुर हाट, अकोढ़ीगोला और बसंतपुर) में चोरी, लूट और आपराधिक मामलों के कई मुकदमें दर्ज हैं.
पुलिस के अनुसार भगवानपुर हाट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रमोद सिंह नामक व्यक्ति द्वारा एक चोरी का ट्रक भगवानपुर बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सामने एक गैराज में मरम्मत एवं डेंटिंग-पेंटिंग के लिए रखा गया है. सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम गैराज में छापेमारी की, जहाँ बिना नंबर प्लेट का एक ट्रक मिला. मौके से भागने का प्रयास कर रहे प्रमोद सिंह को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपी प्रमोद सिंह ने पूछताछ में खुलासा किया कि तसौवर हुसैन उर्फ मुन्ना मियां नामक मिस्त्री के सहयोग से ट्रकों के चेसिस नंबर की पंचिंग कराई जाती थी और गैराज में रखकर उनकी डेंटिंग-पेंटिंग कराई जाती थी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बसंतपुर स्थित मिडिल स्कूल के सामने वाले गैराज में छापेमारी कर बिना नंबर प्लेट का दूसरा ट्रक भी बरामद किया और वहाँ मौजूद तसौवर हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया. जांच में दूसरे ट्रक का चेसिस नंबर भिन्न पाया गया तथा इंजन नंबर स्पष्ट था.
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि सीवान में किराए के मकान में रहने वाला एक अन्य व्यक्ति बाहरी जिलों एवं राज्यों से चोरी के ट्रक लाकर, उनके इंजन व चेसिस नंबर को मिटाकर पहचान छिपाने के बाद मरम्मत करवाता और बेचता था. पुलिस ने उसके किराए के मकान पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार पाया गया.
