Patna: औरंगाबाद पुलिस ने जाली नोटों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 2.48 लाख रुपये के नकली नोटों के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के बाबू बांध के रहने वाले सुरेन्द्र कुमार और गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सोभिया निवासी विजय यादव का नाम शामिल है.

मिली जानकारी के अनुसार औरंगाबाद एसपी को जाली नोट परिवहन की गुप्त सूचना मिली. सूचना पर मदनपुर थाना पुलिस टीम द्वारा थाना मोड़ के पास सघन वाहन जांच शुरू की गई. इसी दौरान गयाजी की तरफ से आ रहे एक बाईक सवार ने पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास किया. जिसे खदेड़कर पकड़ा गया. तलाशी में आरोपी के पास से 500-500 के कुल 297 नकली नोट बरामद हुए. बरामद नोटों की कीमत 1,48,500 रुपये है. पूछताछ के क्रम में सुरेन्द्र की निशानदेही पर मिटाइयां मोड़ के पास से विजय यादव को भी पकड़ा गया. इसके पास से 500-500 के कुल 200 जाली नोट यानी 1,00,000 रुपये के नकली नोट बरामद हुए. इस संबंध में मदनपुर थाना (काण्ड संख्या 317/26) में मामला दर्ज किया गया है. दोनों गिरफ्तार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed