Ranchi: सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने अवैध डोडा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए बगरा-लमटा के बीच चेकिंग के दौरान एक आयशर ट्रक से 1050 किलोग्राम डोडा जब्त किया गया. इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है. इस मामले में पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक अन्य मौके से फरार हो गया. गिरफ्तार तस्कर दीपक सिंह पंजाब के संगरोल जिले के मंगवाल का रहने वाला है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह डोडा बुंडू और तमाड़ के इलाकों से लोड कर पंजाब ले जा रहा था, जहाँ इसे बड़े तस्करों को बेचा जाना था. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
कैरेट के नीचे छुपा रखे थे 85 बोरे
वरीय पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची की ओर से बालूमाथ-बगरा होते हुए एक आइशर ट्रक (रजिस्ट्रेशन नं. PB-10JA-1077) में भारी मात्रा में डोडा बिहार के रास्ते पंजाब ले जाया जा रहा है. सूचना पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बगरा से लमटा के बीच सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान संदिग्ध ट्रक (PB-10JA-1077) को रोककर जब जांच की गई, तो प्लास्टिक के कैरेटों के नीचे छुपाकर रखे गए 85 बोरों में भरा 1050 किग्रा डोडा बरामद हुआ. एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत डोडा की कमर्शियल क्वांटिटी 50 किलोग्राम निर्धारित है, जबकि पुलिस ने इससे कई गुना अधिक 1050 किग्रा डोडा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है. मामले में लावालौंग थाना (कांड संख्या 59/26) में मामला दर्ज किया गया है.
