Patna: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस, ANTF और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ी डिपो (गलगलिया बाजार) स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर एक महिला समेत 2 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में मो हासिम और रुकसार खातुन का नाम शामिल है. गलगलिया थाना क्षेत्र के छनूटोला लकड़ी डिपो के रहने वाले आरोपी पिता-पुत्री है. मौके पर से 814 ग्राम MDMA, 507 ग्राम हेरोइन, एक देशी पिस्टल, एक गोली और मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है. बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये आंकी गई है.
घर में छिपाकर रखी गई थी नशे की खेप
एसपी किशनगंज को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया था. टीम ने मो. तमरेज के घर पर छापेमारी कर उसके पिता मो. हासिम और बहन रूकसार खातून को मौके से दबोच लिया. पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बड़े पैमाने पर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करते हैं. पुलिस अब इस सिंडिकेट के ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ (सप्लाई चेन) का पता लगाने में जुटी है.
