Ranchi: झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखण्ड पात्रता परीक्षा-2024 (Jharkhand Eligibility Test-2024) विज्ञापन संख्या-08/2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए तथा परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज समाहरणालय ब्लॉक-बी के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता एडीएम राजेश्वर नाथ आलोक ने सभी संबंधित दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा केंद्र अधीक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.
बैठक में झारखण्ड पात्रता परीक्षा-2024 से संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई. परीक्षा के सुचारू संचालन, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, फर्जी उम्मीदवारों एवं अनुचित साधनों की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों तथा अन्य आवश्यक प्रबंधनों पर गहन विचार-विमर्श हुआ. अपर जिला दंडाधिकारी राँची ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़े विभिन्न दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करते हुए कई दिशा-निर्देश दिए. परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण के लिए प्रभावी प्लान तैयार करने, फर्जी परीक्षार्थियों, अनुचित साधनों (copying/ malpractice) तथा अन्य अनधिकृत गतिविधियों पर सख्त नजर रखने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया. केंद्र अधीक्षकों, जिला शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीम, अग्निशमन दल एवं अन्य सहायक सेवाओं की तैयारियों के साथ परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पन्न की जा सकने वाली स्थिति पर सतर्क रहने के निर्देश दिया गया.
बैठक में झारखण्ड लोक सेवा आयोग के प्रतिनिधि, जिला पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि झारखण्ड पात्रता परीक्षा-2024 पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और परीक्षा के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाए.
