Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को पश्चिम चंपारण जिला के बेतिया के रमना मैदान में समृद्धि यात्रा 2026 के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए. जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय 3 के तहत अगले 5 वर्षों (2025 से 2030) में पश्चिम चम्पारण जिले में अनेक काम कराये जायेंगे जिनमें रोजगार के लिए जिले की 6 लाख 82 हजार महिलाओं को 10 हजार रूपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है. इन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए 2 लाख रूपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी. पश्चिम चम्पारण के कुमारबाग में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे. बंद पड़ी चनपटिया चीनी मिल को किसानों के हित में फिर से चालू किया जायेगा. डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष 434 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 315 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा. सभी 18 प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी. सभी 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा बेतिया सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा. खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी. सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा. जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया.
जन-संवाद कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, केन्द्रीय राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दूबे, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद, सांसद डॉ० संजय कुमार जायसवाल, सांसद सुनील कुमार, विधायक रेणु देवी, विधायक राम सिंह, विधायक संजय कुमार पाण्डेय, विधायक नन्द किशोर राम, विधायक समृद्ध वर्मा, विधायक सुरेन्द्र प्रसाद, विधायक अभिषेक रंजन, विधान पार्षद भीष्म सहनी, विधान पार्षद आफाक अहमद और विधान पार्षद वीरेन्द्र नारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बडी संख्या में लोग उपस्थित थे.
