Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो रेल परियोजना के कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया है. उन्होंने ‘संकल्प’ सभागार में परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि निर्माण के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करें. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 2 जुलाई 2026 को मलाहीपकड़ी तक के मेट्रो रेल परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण किया जाएगा. इससे शहरवासियों को आवागमन में सहूलियत होगी और समय की भी बचत होगी. मुख्यमंत्री ने कहा “पटना मेट्रो शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनानेवाली महत्वपूर्ण परियोजना है. इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी. मेट्रो के संचालन से सड़क यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी तथा लोगों का आवागमन अधिक सुगम होगा.
क्वालिटी से समझौता नहीं, टाइमलाइन तय करें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय कर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें. विभिन्न स्थलों पर समानांतर रूप से कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें. बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार एवं पटना मेट्रो के अधिकारियों ने न्यू ISBT से आकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर-1 तथा न्यू ISBT से मीठापुर (जगनपुरा होते हुए) तक चल रहे कार्यों सहित पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी दी.
ट्रैफिक जाम का स्थायी समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो निर्माण के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी एवं वैज्ञानिक ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करें. पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया. निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा.
सैटेलाइट टाउनशिप का मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए. कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सैटेलाइट टाउनशिप का विकास समयबद्ध तरीके से किया जाए.
बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास के प्रधान सचिव विनय कुमार, सचिव संजय कुमार सिंह, PMRCL के MD संदीप कुमार आर० पुडुकलकट्टी, DM कुंदन कुमार, एसएसपी कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे.
