Ranchi: जैप आईजी सुनील भाष्कर ने गुरुवार को जैप-10 बटालियन मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान समादेष्टा सहित सभी वरीय डीएसपी उपस्थित थे. निरीक्षण के दौरान आईजी ने बटालियन की कार्यप्रणाली, वाहनों और सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पुराने वाहनों का रद्दकरण कर नए वाहनों के आवंटन के लिए प्रस्ताव मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया. आईजी ने जीपी शाखा को विभिन्न कंपनियों को आवश्यकतानुसार सुरक्षा उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराने का आदेश दिया. रैप कंपनी में सुरक्षा उपकरणों के आवंटन के लिए पत्राचार करने को भी कहा गया. समादेष्टा एवं सभी वरीय पुलिस उपाधीक्षक को विभिन्न कंपनियों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया.
पुलिस सभा में लिए गए निर्णय
इसके बाद बटालियन में पुलिस सभा का आयोजन किया गया. सभा में जवानों की समस्याएं सुनी गईं. आईजी ने एमएसीपी और पेंशन से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. महिला बैंड के लिए म्यूजिक रूम बनाने और महिला बैंड के नए सदस्यों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने को कहा गया. आईजी ने कहा कि जवानों के मनोबल और सुविधा का ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे.
