Ranchi: चाईबासा जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तुगड़ा स्कूलसाई गांव में पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने पति मांगील सिंकु (35) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात करीब तीन बजे मांगील सिंकु ने घर के अंदर सो रही अपनी पत्नी सालमी सिंकु के चेहरे पर लोहे की गैता से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण सालमी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की गैता समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को 28 अक्टूबर को जिन्तुगड़ा के ग्रामीण मुंडा के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी. सूचना के अनुसार, गांव के स्कूलसाई टोला में सालमी सिंकु की हत्या कर दी गई थी. मामले की जानकारी मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी ने एसपी और जगन्नाथपुर एसडीपीओ को सूचित किया. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो घर के अंदर सालमी सिंकु का शव खून से लथपथ पड़ा मिला. उस समय आरोपी पति मांगील सिंकु घर से फरार था. पुलिस ने ग्रामीण मुंडा और ग्रामीणों के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया. मृतका की बहन अवंती लागुरी के लिखित आवेदन के आधार पर जगन्नाथपुर थाना (कांड संख्या 48/26) में मामला दर्ज किया गया. एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर आरोपी मांगील सिंकु को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की गैता और अन्य प्रदर्श भी जब्त किए हैं. आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है.
