Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नालंदा जिला के राजगीर खेल परिसर स्थित हॉकी स्टेडियम में हीरो एशिया हॉकी कप-2025 का शुभारम्भ किया. मुख्यमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजगीर हॉकी स्टेडियम का भ्रमण कर दर्शकों एवं खिलाड़ियों का अभिवादन स्वीकार किया. दर्शकों से खचाखच भरे हॉकी स्टेडियम में खेल प्रेमियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष हाथ हिलाकर अपना उत्साह दिखाया. मुख्यमंत्री ने भारत और चीन के बीच खेल जानेवाले मैच से पहले दोनों देशों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्द्धन किया. इस दौरान भारत और चीन का राष्ट्रगान गाया गया. मुख्यमंत्री ने भारत और चीन के खिलाड़ियों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई.
गौरतलब हो कि ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ (हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती) के अवसर पर हीरो एशिया हॉकी कप 2025 का आज शुभारंभ किया गया है. पुरूष हॉकी एशिया कप-2025 में आठ शीर्ष एशियाई देश भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कज़ाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे हिस्सा ले रहे हैं. इस आयोजन के सभी मैच राजगीर स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी स्टेडियम में खेले जायेंगे. जिसका समापन 7 सितंबर को होगा। हॉकी के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बिहार के विभिन्न जिलों और देश के विभिन्न राज्यों में ट्रॉफी गौरव यात्रा निकाली गई थी. 7 सितंबर, 2025 को होनेवाले फाइनल मैच तक कुल 24 मैच खेले जाएँगे.
निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के पूर्व राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का मुख्यमंत्री ने स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन राजगीर क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति का जायजा लिया. निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम के 5वें तल पर जाकर मुख्यमंत्री ने ऊपर से स्टेडियम एवं दर्शकों के बैठने का अवलोकन किया. इस दौरान क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्ध कराई जानेवाली सुविधाओं के संबंध में पूरी जानकारी ली. इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ियों तथा दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं, मीडिया गैलरी के साथ ही हर प्रकार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित कराया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियो को निर्देश देते हुए कहा कि खिलाड़ियों एवं दर्शकों की हर जरुरी सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर ढंग से निर्माण कार्य करायें.
