Ranchi: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी क्रम में उपायुक्त हेमन्त सती और एसपी अमन कुमार ने बुधवार को संयुक्त रूप से मुहर्रम जुलूस मार्ग, कर्बला स्थल और मेला स्थल का निरीक्षण किया. डीसी-एसपी की संयुक्त टीम ने झंडा चौक, खिरगांव चौक, लोहसिंघना, मंडई कर्बला, पेलावल सहित छड़वा डैम स्थित मेला स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने संपूर्ण जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम के दौरान आमजनों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे. अस्थायी शौचालय की व्यवस्था होगी, पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकर तैनात रहेंगेया. तायात को लेकर सभी संबंधित विभागों को निर्धारित ट्रैफिक रूट प्लान के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
शांति-भाईचारे की अपील
उपायुक्त और एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है. उन्होंने आम नागरिकों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मुहर्रम मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. जिला प्रशासन ने सभी लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की है.
