Patna: गया एसएसपी के निर्देश पर वजीरगंज थाना पुलिस ने हत्या कांड का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने खैनी मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक की मारपीट कर कुएं में धकेल दिया था. गिरफ्तार आरोपी राजदेव मांझी वजीरगंज थाना क्षेत्र के बुद्धचरीया का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार 30 अगस्त को वादी द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था कि उनके पुत्र ने राजदेव मांझी से खैनी मांगी. इस पर राजदेव मांझी ने उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. आरोप है कि मना करने पर राजदेव मांझी ने युवक के साथ मारपीट की और उसे कुएं में धकेल दिया. जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. इलाज के दौरान युवक की मृत्यु हो गई. इस संबंध में वजीरगंज थाना (कांड सं0-397/26) में मामलै दर्ज किया गया. एसएसपी के निर्देश पर वजीरगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित विशेष टीम द्वारा आसूचना संकलन और छापेमारी कर इस मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
