Patna: चोरी के ट्रकों को खरीद-बिक्री कर उनका रूप-रंग और चेचिस नंबर बदलने वाले एक बड़े अंतरप्रांतीय गिरोह का पूर्णिया पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. मरंगा थाना क्षेत्र के उफरैल चौक स्थित एक ट्रक गैराज पर छापेमारी कर पुलिस ने मौके से तीन चोरी के ट्रक बरामद किए हैं.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि उफरैल चौक के पास बम्मा फैक्ट्री स्थित ट्रक गैराज में चोरी के वाहनों के चेचिस नंबर पचिंग और बॉडी मॉडिफाई (रूपांतरित) कर अवैध रूप से बाजार में खपाने का काला कारोबार चल रहा था. सूचना मिलते ही पूर्णिया एसएसपी के मार्गदर्शन में एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस की टीम ने जब उक्त गैराज पर अचानक दबिश दी, तो वहां अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाले तीन ट्रक खड़े पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है. इस गोरखधंधे का मुख्य सरगना गैराज संचालक संजय दास बताया जा रहा है, जो अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहा था. मरंगा थाना में इस संबंध में मामला (कांड संख्या-415/26) दर्ज कर लिया गया है. फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय दास और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
