Patna: वैशाली पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार अपराधियों और चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक स्वर्ण व्यवसायी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा गोली, 4.96 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के पूर्वी नूनगोला के रहने वाले मो दानिश उर्फ सरवा, क्रांति चौक के रहने वाले प्रकाश कुमार उर्फ मेंटल, औद्योगिक थाना क्षेत्र के छोटी मड़ई के रहने वाले सोनू कुमार और सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के आमी निवासी विक्की कुमार सिंह का नाम शामिल है.

गंडक पुल के नीचे बड़ी वारदात की फिराक में थे अपराधी

वैशाली एसएसपी के अनुसार, 13-14 नवंबर की रात नगर थाना पुलिस विशेष गश्ती पर थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के तंगौल जगदम्बा स्थान के पीछे गंडक पुल के नीचे कुछ अपराधी अवैध हथियार लेकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही एसएसपी के नेतृत्व में सदर-01 एसडीपीओ की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की. इस दौरान चार अपराधियों को एक देशी पिस्टल और चार जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि वे बंद घरों को निशाना बनाकर आभूषणों की चोरी करते थे. इसी उद्देश्य से सभी गंडक पुल के नीचे एकत्रित हुए थे. इस संबंध में नगर थाना (कांड संख्या 1104/26) में मामला दर्ज किया गया है.

चोरी के जेवर खरीदने वाला स्वर्ण व्यवसायी भी गिरफ्तार

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक स्वर्ण व्यवसायी मनीष कुमार को भी गिरफ्तार किया. वह नगर थाना क्षेत्र के मस्जिद चौक, सोनरपट्टी का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री में उसकी संलिप्तता सामने आई है.

सारण में छिपाकर रखे थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी

गिरफ्तार विक्की कुमार सिंह ने पूछताछ में बताया कि चोरी के कुछ आभूषण और नकद रुपये उसने अपने घर आमी, थाना दिघवारा, जिला सारण में छिपाकर रखे हैं. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां छापेमारी की. इस दौरान सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण और नकद राशि सहित कुल 4,96,267 रुपये की बरामदगी की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed