Patna: सिवान जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने 63.5 किग्रा गांजा बरामद किया है. पुलिस ने गांजा ले जा रही स्कॉर्पियो के चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी प्रदीप कुमार पाठक के रूप में हुई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
पुलिस के अनुसार, गोरेयाकोठी थाना पुलिस दुधड़ा के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर जांच तेज कर दी. इसी दौरान पूरब दिशा से तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. लेकिन पुलिस को देखते ही चालक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा. पुलिस टीम ने वाहन से पीछा कर स्कॉर्पियो को चालक समेत पकड़ लिया. स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसके अंदर लाल रंग की पॉलिथीन में रखे 11 पैकेट बरामद हुए. इन पैकेटों को ऊपर से काले रंग के प्लास्टिक से बांधा गया था. जांच में इनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ मिला, जिसका कुल वजन 63.5 किलोग्राम बताया गया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया.
